प्रति क्विंटल 10 से 15 किलो कम चावल मिलने का आरोप, गोदाम प्रबंधक ने कहा—नहीं हुई कोई कटौती
चौपारण( हजारीबाग)। चौपारण प्रखंड के सरकारी गोदाम से जन वितरण प्रणाली के डीलरों को आवंटित चावल की मात्रा में कथित कटौती का मामला सामने आया है। डीलर संघ ने दुर्गा पूजा चंदा के नाम पर चावल काटे जाने का आरोप लगाते हुए विभागीय जांच और सभी डीलरों के नाम पर हुई कथित कटौती का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है। हालांकि, गोदाम प्रबंधक ने इन आरोपों को निराधार बताया है।
डीलर संघ के अध्यक्ष भोला सिंह के अनुसार, बीते 4 अक्टूबर को हुई संघ की बैठक में दुर्गा पूजा चंदा के लिए स्वेच्छा से योगदान देने को लेकर सूची तैयार की गई थी। इसके बावजूद कुछ डीलरों को प्रति क्विंटल 10 से 15 किलो कम चावल मिलने की शिकायत सामने आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चंदा स्वैच्छिक था, तो बिना सहमति राशन की मात्रा में कटौती किस आधार पर की गई। उन्होंने डाक पर्ची गायब होने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
दो क्विंटल चावल कम मिलने का दावा
दैहर के डीलर मनोज दांगी ने दावा किया कि नवंबर माह के लिए उन्हें करीब दो क्विंटल चावल कम मिला। उनके मुताबिक, गोदाम से चावल लाने के बाद तौल कराने पर प्रति क्विंटल 10 से 15 किलो की कमी पाई गई। मनोज ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर राहुल नामक कर्मी ने गलती होने की बात कहते हुए अगले महीने दो क्विंटल चावल देने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि डाक पर्ची मांगने पर उन्हें बताया गया कि पर्ची अधिकारी के पास है।
मनोज दांगी ने विभागीय अधिकारी से बातचीत के दौरान डेढ़ लाख रुपये के चंदे का जिक्र किए जाने की बात भी कही। वहीं, भोला सिंह ने गोदाम में कुछ निजी व्यक्तियों की भूमिका पर सवाल उठाए और दावा किया कि संबंधित व्यक्ति को हटाने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।

गोदाम प्रबंधक ने आरोपों को किया खारिज
मामले में बीसीओ सह गोदाम प्रबंधक भूपनाथ महतो ने राशन कटौती के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी डीलर के राशन में कटौती नहीं की गई है। फिलहाल, डीलर संघ ने पूरे मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और चावल के आवंटन एवं वितरण से संबंधित रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और विभागीय जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


















Total Users : 1245432
Total views : 3102634