मयूरहंड, पत्थरा, सोकी और ढोढ़ी मंधनिया में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए दर्शन शुरू; आकर्षक सजावट बनी केंद्र
मयूरहंड (चतरा) मुन्ना कुमार। शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि पर शनिवार को मां दुर्गा के पट खुलते ही मयूरहंड प्रखंड में दुर्गोत्सव की रौनक चरम पर पहुंच गई। मां के दर्शन के लिए विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मयूरहंड, पत्थरा, सोकी और ढोढ़ी मंधनिया पूजा स्थलों पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पट खोले गए। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर मां के दिव्य स्वरूप का दर्शन किया और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
दोपहर से ही पूजा पंडालों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिला, पुरुष और बच्चों में खास उत्साह दिखा। पट खुलते ही “जय माता दी” के जयकारों से पूजा स्थल गूंज उठे। घंटा, घड़ियाल और शंख की ध्वनि के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। देवी गीतों और भक्ति संगीत ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
पूजा समितियों ने पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया है। रंग-बिरंगी रोशनी और भव्य सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। पट खुलने के बाद पंडालों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए। श्रद्धालु दर्शन-पूजन के साथ अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना कर रहे हैं।
बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूजा समितियां धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रख रही हैं। पूरे प्रखंड में दुर्गोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर पूजा समिति के अध्यक्ष सुभाष दांगी, सचिव उमेश दांगी, कोषाध्यक्ष रंजन सिंह, बलवंत सिंह, सकलदेव कुमार, उमेश यादव, रामधारी यादव, अनिल दांगी, किशोरी दांगी, भोला ठाकुर, प्रभु कुमार ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।




















Total Users : 1273695
Total views : 3144324