वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, निगरानी टावर, शक्ति कमांडो और बाइक दस्ते होंगे सक्रिय; अपराधियों पर BNSS धारा 126 के तहत होगी कार्रवाई
रांची, झारखंड। दुर्गा पूजा के दौरान शांति-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, अपराध रोकथाम और सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), रांची की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में एसपी नगर, एसपी ग्रामीण, एसपी यातायात, अपर एसपी कोतवाली, प्रोबेशनर IPS अधिकारी, जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारी शामिल हुए।
बैठक में संभावित भीड़, संवेदनशील स्थलों, पंडालों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और विसर्जन जुलूस की विस्तृत समीक्षा की गई और सभी अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

पंडालों में सीसीटीवी अनिवार्य, 24×7 निगरानी
सभी पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त स्टोरेज क्षमता रखने और कैमरों का डिस्प्ले पंडाल परिसर में उपलब्ध कराने को कहा गया है। निगरानी के लिए कम से कम एक व्यक्ति की 24×7 तैनाती अनिवार्य होगी, ताकि संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत संज्ञान लिया जा सके।
अग्नि सुरक्षा: फायर एक्सटिंग्विशर, बालू, पानी और टैंकर
आयोजकों को उपयुक्त फायर एक्सटिंग्विशर, बालू, पानी और जरूरत के अनुसार पानी का टैंकर रखना होगा। बिजली से लगने वाली आग के लिए अलग उपकरण रखने और एक्सटिंग्विशर की वैधता अवधि की जांच करने का भी निर्देश है।
पंडाल आयोजकों के लिए अन्य निर्देश
- भवन निर्माण और विद्युत सुरक्षा से जुड़े सक्षम विभागों से प्रमाण-पत्र लेना।
- प्रवेश और निकास द्वार अलग-अलग रखना।
- पर्याप्त रोशनी, जनरेटर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था।
- पुरुष और महिला स्वयंसेवकों की पर्याप्त तैनाती।
- माननीय उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों और संबंधित प्राधिकारों के सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन।
थाना प्रभारी और डीएसपी अपने क्षेत्र के पंडालों का निरीक्षण कर अनुपालन का सत्यापन करेंगे।
निगरानी टावर, QRT, बाइक दस्ता और शक्ति कमांडो
भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी टावर बनाए जाएंगे, ताकि पुलिसकर्मी ऊंचाई से भीड़ का आकलन कर सकें। प्रमुख पंडालों और मुख्य सड़कों पर स्थिर और चलायमान क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तैनात होगी। विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाइक दस्ते लगातार गश्त करेंगे। बड़े पंडालों में महिला सुरक्षा के लिए शक्ति कमांडो की तैनाती की जाएगी।
छिनतई और बाइक चोरी पर सख्ती
मोबाइल, बैग और चेन छिनतई, बाइक चोरी और अन्य संपत्ति अपराधों की रोकथाम के लिए तत्काल प्रभाव से एंटी-क्राइम चेकिंग और सघन गश्त शुरू करने का निर्देश है। पूर्व में सांप्रदायिक घटनाओं में शामिल रहे और अन्य संदिग्ध लोगों की गतिविधियों का सत्यापन कर विधिसम्मत कार्रवाई होगी। पुराने अपराधियों और गिरोहों पर विशेष नजर रखी जाएगी। अपराध की आशंका वाले इलाकों में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
विसर्जन मार्गों का भौतिक निरीक्षण, ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी मीडिया से
सभी विसर्जन मार्गों का भौतिक निरीक्षण कर सड़क की स्थिति, संकरे रास्तों और दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित किया जाएगा। ऐसे स्थानों पर बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती होगी। थाना प्रभारी और यातायात पुलिस आपसी समन्वय से काम करेंगे। यातायात डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी मीडिया के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
प्रमुख पंडालों और जरूरी स्थलों के पास अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही थाना स्तर पर स्थानीय गोताखोरों की सूची और संपर्क विवरण रखने का निर्देश है, ताकि विसर्जन के दौरान आपात स्थिति में तुरंत बचाव कार्य हो सके।
निरोधात्मक कार्रवाई: BNSS की धारा 126
विधि-व्यवस्था के लिए खतरा बनने वाले और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को चिह्नित कर निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसमें जरूरत के अनुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 सहित अन्य प्रावधान लागू होंगे।

डांडिया, गरबा और रावण दहन के लिए भी नियम
आयोजकों को डांडिया, गरबा और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की पूर्व सूचना संबंधित थाना और यातायात पुलिस को देनी होगी, ताकि भीड़ के अनुरूप सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की जा सके। विसर्जन जुलूस के दिशा-निर्देशों और रावण दहन के सुरक्षा मानकों का पालन आयोजकों को करना होगा।
आम लोगों से पुलिस की अपील
रांची पुलिस ने नागरिकों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पूजा मनाने, यातायात नियमों का पालन करने, अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। आयोजकों से भी सुरक्षा मानकों का पालन और पुलिस प्रशासन से समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। रांची पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है।
भरोसे की पहचान: न्यूज स्केल लाइव


























Total Users : 1227390
Total views : 3077610