बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर भिड़े दोनों दलों के कार्यकर्ता, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार भी घायल बताए गए
जमशेदपुर (झारखंड)। जमशेदपुर में सोमवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी हुई। घटना में 10 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार और कांग्रेस के एक उपाध्यक्ष भी शामिल बताए जा रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, भाजपा महिला मोर्चा ने जेएनयू से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता सुबह जी टाउन क्लब मैदान में एकत्र हुए और वहां से तिलक पुस्तकालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई।
कई लोगों के सिर में चोट लगने की सूचना
पत्थरबाजी के दौरान कई लोगों के सिर में चोट लगने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, घायलों की वास्तविक संख्या, उनकी स्थिति और उन्हें कहां इलाज के लिए ले जाया गया, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
विवाद की शुरुआत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
घटना के बाद विवाद किस वजह से शुरू हुआ और पत्थरबाजी की पहल किस पक्ष की ओर से हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।






















Total Users : 1227384
Total views : 3077602