जामुन के पेड़ पर गिरी बिजली, स्कूल में नहीं था कोई बच्चा या कर्मी; ग्रामीणों ने तड़ित चालक लगाने की मांग की
लावालौंग (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र के मंधनियां पंचायत स्थित नवसृजित मध्य विद्यालय सिकनी के परिसर में सोमवार को वज्रपात होने से विद्यालय भवन में दरार आ गई। बताया गया कि स्कूल परिसर में स्थित जामुन के पेड़ पर बिजली गिरी, जिसके बाद विद्यालय भवन को भी नुकसान पहुंचा।
गांव निवासी प्रसाद यादव ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब तीन बजे विद्यालय में छुट्टी हुई थी। बच्चों और रसोईया के विद्यालय परिसर से निकलने के करीब दस मिनट बाद ही वज्रपात की घटना हुई। घटना के समय विद्यालय में बच्चे या अन्य लोग मौजूद नहीं थे, जिससे किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।

विद्यालय में तड़ित चालक लगाने की मांग
ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय में अब तक तड़ित चालक नहीं लगाया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि वज्रपात के समय विद्यालय परिसर में बच्चे, शिक्षक, रसोईया या अन्य कोई व्यक्ति मौजूद होता तो बड़ी घटना हो सकती थी।
ग्रामीणों ने विद्यालय में बच्चों एवं कर्मियों की सुरक्षा को देखते हुए तड़ित चालक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में वज्रपात जैसी घटना से किसी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सके।





















Total Users : 1218806
Total views : 3065688