391 पेटी में 9,888 बोतल शराब बरामद, 1,560 लीटर स्पिरिट और तैयार रंगीन शराब भी जब्त
चतरा (झारखंड) संवाददाता | उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग, चतरा की टीम ने 29 सितंबर 2026 को वशिष्ठनगर-जोरी थाना क्षेत्र के औरवा गांव में बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक घर में संचालित कथित अवैध विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया।
उत्पाद विभाग के अनुसार, दिलीप यादव उर्फ करण यादव अपने सहयोगियों के साथ घर में स्पिरिट में कैरेमल एवं एसेंस मिलाकर कथित रूप से नकली विदेशी शराब तैयार कर रहा था। तैयार शराब को विभिन्न ब्रांडों की बोतलों में भरने के बाद उन पर नकली लेबल एवं होलोग्राम लगाए जा रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आगामी त्योहारी अवधि के दौरान तैयार नकली शराब को बाजार में खपाने की तैयारी थी।

9,888 बोतलों में 3,511 लीटर से अधिक शराब बरामद
छापेमारी के दौरान मौके से रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज एवं आइकॉनिक व्हाइट ब्रांड के नाम से बोतलबंद शराब की 391 पेटियां बरामद की गईं। इनमें कुल 9,888 बोतलों में लगभग 3,511.440 लीटर शराब पाई गई। इसके अलावा 39 गैलन में 1,560 लीटर स्पिरिट, करीब 2,000 लीटर तैयार रंगीन शराब, 40 लीटर कैरेमल तथा संबंधित ब्रांडों के बड़ी संख्या में लेबल, ढक्कन, एडहैसिव एवं खाली बोतलें बरामद की गईं। मौके से तीन बोतल पंचिंग मशीनें भी जब्त की गईं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
कार्रवाई के दौरान घटना में कथित रूप से संलिप्त आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उत्पाद विभाग एवं पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में दिलीप यादव, अरुण कुमार तिवारी एवं मिथिलेश कुमार यादव सहित अन्य आरोपियों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद सामग्री को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
नवरात्र-दशहरा को लेकर विशेष निगरानी
अधीक्षक उत्पाद, चतरा ने बताया कि उपायुक्त रवि आनंद के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आगामी नवरात्र एवं दशहरा पर्व को देखते हुए अवैध शराब की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सघन छापेमारी एवं विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई में अभिषेक आनंद एवं अनूप प्रकाश, अवर निरीक्षक उत्पाद, उत्पाद आरक्षी, गृहरक्षक बल, महिला गृहरक्षक बल, वशिष्ठनगर थाना की पुलिस टीम सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।




















Total Users : 1210323
Total views : 3054290