मयूरहंड (चतरा) JSLPS करमा आजीविका महिला स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की और से ग्राम महेशा में वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य देवेन्द्र चंद्रवंशी एवं मंझगांवा पंचायत मुखिया मंजीत सिंह मुख्य रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य देवेन्द्र चंद्रवंशी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं का स्वावलंबी होना परिवार और समाज की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सरकार की योजनाओं का लाभ उठाते हुए रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।

वहीं, मंझगांवा मुखिया मंजीत सिंह ने कहा कि गांव की महिलाएं आज केवल परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित हो रही है। उन्होंने महिलाओं को समूह के माध्यम से मिलकर काम करने और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम में महिलाओं ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की। वक्ताओं ने कहा कि नारी सशक्तिकरण ही ग्रामीण विकास और समृद्धि की मजबूत नींव है।






















Total Users : 1190443
Total views : 3026741