Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

जर्जर सड़कों पर सफर बना चुनौती, सांसद को सौंपा आवेदन

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

पाण्डेय महुआ-बीके हाई स्कूल और पेलतौल मोड़-कान्हाचट्टी बाजार मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग

चतरा। कान्हाचट्टी प्रखंड क्षेत्र की जर्जर सड़कों पर आवागमन ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। कहीं सड़क की परत उखड़ चुकी है तो कहीं गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इसे लेकर भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि सतीश कुमार सिंह एवं सांसद प्रतिनिधि उदय चंद्रवंशी ने चतरा सांसद कालीचरण सिंह को आवेदन सौंपकर सड़कों का कालीकरण एवं पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।

दो प्रमुख मार्गों की हालत खराब

प्रतिनिधियों ने पाण्डेय महुआ से बीके हाई स्कूल तथा पेलतौल मोड़ से कान्हाचट्टी मुख्य बाजार तक की सड़क का निर्माण कराने और जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया है। पाण्डेय महुआ-बीके हाई स्कूल मार्ग पर कई जगह सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। सड़क पर बिखरी गिट्टी और पत्थरों से दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।

वहीं पेलतौल मोड़ से कान्हाचट्टी बाजार तक का मार्ग भी जर्जर है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। कीचड़ और जलजमाव के कारण पैदल राहगीरों को भी परेशानी होती है।

दर्जनों गांवों की आवाजाही प्रभावित

दोनों सड़कें आसपास के गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग हैं। इन्हीं रास्तों से विद्यार्थी स्कूल-कॉलेज, किसान बाजार, मजदूर कार्यस्थल और ग्रामीण प्रखंड मुख्यालय पहुंचते हैं। सड़क खराब होने से कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में किसानों को अतिरिक्त समय और खर्च भी उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क मरम्मत और कालीकरण की मांग की जा रही है। अब अस्थायी मरम्मत के बजाय दोनों मार्गों का स्थायी पुनर्निर्माण जरूरी है। सांसद प्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क बनने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों समेत आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से दोनों मार्गों का स्थल निरीक्षण कर जल्द निर्माण प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है। अब लोगों की उम्मीद सांसद की पहल और विभागीय कार्रवाई पर टिकी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment