पत्थरों और झाड़ी में फंसा मिला 70 वर्षीय वृद्ध का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
कान्हाचट्टी (चतरा)। राजपुर थाना क्षेत्र के तुलबुल पंचायत अंतर्गत बंदा नदी में मंगलवार को पांच दिनों से लापता 70 वर्षीय रेवा भुइयां का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी किनारे बकरी चरा रहे चरवाहों की नजर नदी के बीच पत्थरों व झाड़ी में फंसे शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना राजपुर थाना पुलिस को दी।
बताया गया कि रेवा भुइयां पिछले पांच दिनों से घर से लापता थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया था। मंगलवार को ग्रामीणों ने नदी में शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रूपेश कुमार राय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा
पुलिस के अनुसार, शव की पहचान लापता रेवा भुइयां के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव करीब एक-दो दिन पुराना बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि नदी के बहाव में शव बहकर वहां पहुंचा और पत्थरों व झाड़ी में फंस गया। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चतरा भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
शव मिलने के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर परिजन एवं ग्रामीण मौजूद रहे। इनमें रविंद्र कुमार, नागेंद्र ठाकुर, विकास कुमार सिंह, पिंटू प्रजापति, प्रकाश यादव, सत्येंद्र राणा, मुकेश प्रजापति, रंजीत राणा समेत दर्जनों लोग शामिल थे।






















Total Users : 1175962
Total views : 3006918