श्री कृष्ण जन्मोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, प्रतिभागियों को किया सम्मानित
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शुक्रवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति की ओर से आयोजित श्री कृष्ण जन्मोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने राज्यवासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए हैं, जिससे आयोजन का उत्साह और बढ़ गया है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी श्रद्धालुओं एवं प्रतिभागियों को पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनके उपदेश सत्य, धर्म, प्रेम, करुणा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। जन्माष्टमी का पर्व समाज में प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने झारखंड में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि राज्य लगातार विकास और उन्नति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
दही हांडी प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने श्री कृष्ण जन्मोत्सव में शामिल प्रतिभागियों को सम्मानित किया और दही हांडी प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम में झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, विधायक सुरेश कुमार बैठा, झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति के संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।





















Total Users : 1171200
Total views : 3000626