8 अगस्त के विवाद के बाद लगातार धमकी देने का आरोप, पुलिस ने कहा—आवेदन के आधार पर मामले की जांच जारी
गिद्धौर (चतरा): गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बारिसाखी पंचायत के उप मुखिया विकास पांडेय को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उप मुखिया विकास पांडेय ने गिद्धौर थाना प्रभारी एवं चतरा पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर मामले में न्याय दिलाने और अपनी व परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, उप मुखिया विकास पांडेय और गांव के ही संतोष कुमार दांगी, पिता कैलाश दांगी, के बीच बीते 8 अगस्त को पांडे महुआ चौक के समीप किसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद हुआ था। आरोप है कि उक्त विवाद के बाद से संतोष कुमार दांगी द्वारा उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
उप मुखिया विकास पांडेय का आरोप है कि उन्हें सार्वजनिक रूप से भी धमकाया जा रहा है, जिससे वे और उनके परिवार के सदस्य भय और दहशत के माहौल में हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पीड़ित उप मुखिया ने अपने आवेदन में कहा है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी से मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
इधर, गिद्धौर थाना में आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की गई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ कर तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, उप मुखिया द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





















Total Users : 1171254
Total views : 3000688