प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को होगी सुविधा, ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल
प्रतापपुर (चतरा)। प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय में पत्रकार विकास कुमार के घर के सामने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। लाइब्रेरी खुलने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर और शांत वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
उद्घाटन से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद प्लस टू उच्च विद्यालय के शिक्षक कृष्ण कुमार दूबे, प्रीमियर एकेडमी के निदेशक शहनवाज खान तथा मुखिया जितेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर लाइब्रेरी का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना कई बार चुनौतीपूर्ण होता है। घर में पर्याप्त जगह, शांत वातावरण और आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लाइब्रेरी की शुरुआत विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है।
लाइब्रेरी में नियमित अध्ययन का माहौल मिलने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी विद्यार्थियों को मदद मिलेगी। विशेष रूप से जेएसएससी, एसएससी, रेलवे, बैंकिंग, पुलिस, शिक्षक भर्ती, यूपीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों ने लाइब्रेरी शुरू किए जाने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि यहां प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें, पत्रिकाएं और अन्य आवश्यक अध्ययन सामग्री नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाती रहे, तो आने वाले समय में यह क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अध्ययन और तैयारी का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।
स्थानीय स्तर पर लाइब्रेरी की शुरुआत को शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है। इससे विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ने के साथ उन्हें अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए बेहतर वातावरण मिलने की उम्मीद है।




















Total Users : 1171287
Total views : 3000750