शिव भक्ति नहीं छोड़ी तो पति ने पीटा, फिर जमीला बनीं ज्योति और प्रकाश संग लिए सात फेरे
हजारीबाग/बोकारो। एक युवती की जिंदगी में आए बदलाव की कहानी इन दिनों चर्चा में है। झारखंड के बोकारो जिले की रहने वाली 18 वर्षीय जमीला खातून ने उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित अगस्त्य मुनि आश्रम में अपनी इच्छा से सनातन धर्म अपनाने की बात कही है। इसके बाद उन्होंने अपना नाम ज्योति देवी रखा और हजारीबाग के 22 वर्षीय प्रकाश रविदास के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया।
शिव भक्ति बनी विवाद की वजह?
जमीला के अनुसार, उन्हें बचपन से ही भगवान शिव में आस्था थी और वह पूजा-पाठ करती थीं। उनका दावा है कि ससुराल पक्ष को उनका शिव पूजा करना पसंद नहीं था। जमीला का कहना है कि पूजा बंद करने से इनकार करने पर उनके पहले पति ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया।
जमीला ने यह भी कहा कि वह अपने वैवाहिक जीवन में धार्मिक पाबंदियों के कारण असहज महसूस करती थीं, जबकि भगवान शिव की भक्ति से उन्हें मानसिक शांति मिलती थी।

मुश्किल दौर में प्रकाश से हुई मुलाकात
पति से अलग होने के बाद जमीला के जीवन में हजारीबाग के चानो ऊंचाघाना निवासी प्रकाश रविदास की एंट्री हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में यह संबंध विवाह के फैसले तक पहुंच गया।
बताया गया कि स्थानीय स्तर पर विवाद या विरोध की आशंका के चलते दोनों झारखंड से बाहर चले गए और उत्तर प्रदेश के बरेली पहुंचे।
आश्रम में बदला नाम, फिर लिए सात फेरे
बरेली स्थित अगस्त्य मुनि आश्रम में जमीला ने अपनी इच्छा से सनातन धर्म अपनाने की इच्छा जताई। आश्रम के महंत के.के. शंखधार के अनुसार, धार्मिक परंपराओं के अनुसार प्रक्रिया पूरी कराने के बाद युवती का नया नाम ज्योति देवी रखा गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाज के बीच ज्योति देवी और प्रकाश रविदास ने विवाह किया।
‘बिना दबाव अपनी इच्छा से लिया फैसला’
विवाह के बाद ज्योति देवी ने दावा किया कि उन्होंने यह फैसला बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से लिया है। उनका कहना है कि वह अपने नए जीवन से संतुष्ट हैं और हिंदू परंपरा में महिलाओं को मिलने वाले सम्मान से प्रभावित हैं।
फिलहाल जमीला से ज्योति देवी बनने और प्रकाश के साथ विवाह की यह कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि, विवाह, धर्म परिवर्तन और पहले विवाह से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि संबंधित दस्तावेजों और आधिकारिक रिकॉर्ड से होना बाकी है।






















Total Users : 1130222
Total views : 2952570