पुल के अभाव में खेती प्रभावित, ग्रामीणों ने पानी निकासी के लिए पुल निर्माण की लगाई गुहार
इटखोरी (चतरा)। इटखोरी प्रखंड के हजारीबाग रोड स्थित कलना तालाब के समीप लंबे समय से जलजमाव के कारण कई एकड़ जमीन में खेती प्रभावित हो रही है। पानी जमा रहने से किसान अपने खेतों में खेती नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, कई घरों में भी खेतों का पानी प्रवेश कर गया है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क किनारे लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण सड़क के भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है। जलजमाव से लखन राम, बीरेंद्र गुप्ता, सकलदेव राम, बिलास राम समेत कई ग्रामीणों के घर और खेत प्रभावित हो रहे हैं।
किसानों का कहना है कि पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है। जलजमाव के कारण खेतों में फसल लगाने में परेशानी होती है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल निकासी के लिए पुल का निर्माण कराने अथवा पुराने पुल की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो किसानों और ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ सकती है।





















Total Users : 1117384
Total views : 2935435