शैक्षणिक उन्नयन, अनुशासन और विद्यालय के सर्वांगीण विकास पर समिति देगी जोर
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत पहरा रोड स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में रविवार को विद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक, सामाजिक एवं सर्वांगीण विकास को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भुवनेश्वर पांडेय ने की, जबकि संचालन उपप्रमुख प्रीतम यादव ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से विद्यालय प्रबंध समिति का गठन किया गया। इसमें भुवनेश्वर पांडेय को अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष प्रेमचंद यादव को उपाध्यक्ष तथा लखन दांगी को सचिव चुना गया।
बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि विद्यालय प्रबंध समिति शैक्षणिक उन्नयन, अनुशासन, संस्कार, प्रशासनिक व्यवस्था, वित्तीय पारदर्शिता एवं विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करेगी। समिति विद्यालय की गरिमा और उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए विद्यालय हित में कार्य करेगी।
समिति द्वारा समय-समय पर बैठक आयोजित कर विद्यालय की प्रगति, समस्याओं और विकास योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। विद्यार्थियों के हित एवं विद्यालय के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सदस्यों से विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूर्ण निष्ठा और सहयोग के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में अध्यक्ष भुवनेश्वर पांडेय ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की। मौके पर सबिता देवी, महेंद्र राम, प्रीतम कुमार यादव, सुनीता वर्मा, उदय शंकर दांगी, मालती देवी और गोपाल पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित थे।






















Total Users : 1117398
Total views : 2935452