Homeबिहारझारखंडदेश-विदेशमनोरंजनखेलक्राइमशिक्षाराजनीतिहेल्थराशिफल
---Advertisement---

झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन, संस्कृति और विरासत की दिखी मनमोहक झलक

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

विश्व आदिवासी दिवस पर 6 लाभुकों को 13.53 एकड़ का वन अधिकार पट्टा, बिरसा मुंडा पर नाट्य प्रस्तुति और झूमर ने बांधा समां

चतरा। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, चतरा की ओर से जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल में झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पारंपरिक आदिवासी संस्कृति, लोक कला, लोक संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिली। जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे जनजातीय समाज के लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त रवि आनंद सहित अन्य अतिथियों का पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज से पौधा एवं गमछा भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, प्रकृति के प्रति आस्था और अद्वितीय जीवन-दर्शन को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि चतरा प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक विविधता से समृद्ध जिला है। आदिवासी समाज सदियों से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश देता आया है।

उपायुक्त ने कहा कि भारतीय संविधान की पांचवीं अनुसूची, पेसा अधिनियम और वनाधिकार अधिनियम आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के मजबूत आधार हैं। जिला प्रशासन की ओर से वनाधिकार पट्टा वितरण, ग्राम सभाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा, छात्रवृत्ति, स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका संवर्धन, कौशल विकास, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आदिवासी समाज की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

महोत्सव में एम.डी. ग्रुप, हजारीबाग की ओर से धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं जन विकास मंच, रांची द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक झूमर नृत्य और आदिवासी गीत-संगीत पर पूरा सभागार मांदर की थाप पर झूम उठा।

इस अवसर पर व्यक्तिगत वन अधिकार अधिनियम के तहत स्वीकृत 6 लाभुकों के बीच कुल 13.53 एकड़ रकबा का व्यक्तिगत वन अधिकार पट्टा भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम परिसर में बनाया गया आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। अतिथियों एवं आमजनों ने यहां सेल्फी लेकर आयोजन की यादों को संजोया। वहीं झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी (जेएसएलपीएस) की स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा लगाए गए दीदी कैफे एवं उत्पाद प्रदर्शनी स्टॉल का अतिथियों ने अवलोकन किया और स्थानीय उत्पादों तथा महिला समूहों के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष बृज किशोर तिवारी, नगर परिषद अध्यक्ष अताउर रहमान, नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रेमचंद साहू, सिमरिया एवं चतरा विधायक के प्रतिनिधि, जिला कल्याण पदाधिकारी सह जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मी, स्वयं सहायता समूह की दीदियां एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment