अध्यक्ष बोले 100 दिनों में दिखेगा मंदिर के विकास का नया स्वरूप
इटखोरी (चतरा)। जिले के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर में शनिवार को नवगठित मां भद्रकाली न्यास समिति के अध्यक्ष यतेंद्र सिंह चौहान सहित सभी सदस्यों ने माता के समक्ष विधिवत शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण के साथ ही समिति ने मंदिर की धार्मिक गरिमा बनाए रखने, पारदर्शी प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण समारोह में मंदिर परिसर श्रद्धालुओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति से भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर समिति के सभी सदस्यों ने मंदिर की परंपराओं का सम्मान करते हुए स्वच्छता, सुरक्षा, सुव्यवस्थित धार्मिक आयोजन और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता जताई।
न्यास समिति के अध्यक्ष यतेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि मां भद्रकाली मंदिर की गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि समिति सामूहिक रूप से मंदिर के विकास, सुरक्षा, पारदर्शी प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले 100 दिनों के भीतर मंदिर परिसर में विकास कार्यों का नया स्वरूप स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगेगा।
शपथ ग्रहण के उपरांत समिति के सभी सदस्यों ने मां भद्रकाली का विधिवत दर्शन-पूजन कर मंदिर की उन्नति, क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर न्यास समिति के सचिव योगेंद्र सिंह, श्याम प्रसाद सिंह, प्रकाश राम, रतन शर्मा, अनिल सिंह, बद्री यादव, बाल गोविंद राम, सतीश सिंह, नागेश्वर यादव, भोला दांगी सहित अन्य सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।























Total Users : 1094757
Total views : 2904284