बेटे से मिलने गई थी पत्नी, रास्ते से ही किया किडनैप, इलाके में आक्रोश, पुलिस तफ्तीश में जुटी
लोहरदगा / गुमला:
पारिवारिक विवाद का एक ऐसा खौफनाक अंत सामने आया है जिसे सुनकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोहरदगा जिले के चट्टी बड़ागाई की रहने वाली नेहा कुमारी और उसके भाई अरुण की खूंटी थाना क्षेत्र में निर्मम हत्या कर दी गई है। आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि नेहा के पति संजीत प्रमाणिक और उसके करीब आधा दर्जन दोस्तों पर लगा है। ममता के वश में होकर अपने जिगर के टुकड़े (बेटे) से मिलने गई मां को क्या पता था कि वहां मौत उसका इंतजार कर रही है।
बेटे से मिलने गई थी पत्नी, रास्ते से ही किया किडनैप
जानकारी के अनुसार, गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के दूधिया गांव निवासी संजीत प्रमाणिक और उसकी पत्नी नेहा कुमारी के बीच पिछले कुछ वर्षों से गंभीर विवाद चल रहा था। नेहा अपने भाई अरुण के साथ कल शाम अपने पुत्र से मिलने पति के गांव दूधिया गई थी।
परिजनों का आरोप है कि जैसे ही नेहा वहां पहुंची, पति संजीत प्रमाणिक ने अपने लगभग आधा दर्जन अज्ञात दोस्तों के साथ मिलकर दोनों भाई-बहन को घेर लिया। इसके बाद दोनों को जबरन एक गाड़ी में बैठाकर अगवा (किडनैप) कर लिया गया।
खूंटी ले जाकर पत्थर और धारदार हथियार से उतारा मौत के घाट
अपहरण करने के बाद आरोपी दोनों को गुमला से दूर खूंटी थाना क्षेत्र के सुनसान इलाके में ले गए। वहां देर रात आरोपियों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। नेहा और उसके भाई अरुण पर पत्थरों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इलाके में आक्रोश, पुलिस तफ्तीश में जुटी:
इस दोहरे हत्याकांड (Double Murder) की खबर मिलते ही लोहरदगा, गुमला और खूंटी जिले की पुलिस रेस हो गई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी पति संजीत प्रमाणिक और उसके फरार दोस्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। एक साथ घर के दो चिराग बुझने से चट्टी बड़ागाई गांव में मातम और भारी आक्रोश व्याप्त है।






















Total Users : 1067170
Total views : 2865132