ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप, मुआवजे की मांग
कुंदा (चतरा)। कुंदा थाना क्षेत्र के मांझीपारा गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक पशुपालक की भैंस की करंट लगने से मौत हो गई। घटना में पशुपालक गौरी यादव को लगभग 30 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में लगे 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन के पोल के अर्थिंग तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी करंटयुक्त तार के संपर्क में आने से गौरी यादव की भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि पशुपालक के लिए यह भैंस आजीविका का प्रमुख साधन थी और इसी से परिवार की आर्थिक व्यवस्था चलती थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि अर्थिंग तार में करंट आने तथा कई बार चिंगारी निकलने की सूचना पूर्व में भी बिजली विभाग के कर्मियों को दी गई थी, लेकिन समय रहते आवश्यक मरम्मत या सुरक्षा उपाय नहीं किए गए। लोगों का कहना है कि यदि विभाग ने समय पर कार्रवाई की होती तो यह घटना टाली जा सकती थी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा देने तथा गांव में विद्युत पोल के अर्थिंग तार में आ रहे करंट की तत्काल जांच कर उसे दुरुस्त करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी जनहानि भी हो सकती है।






















Total Users : 1064797
Total views : 2861917