बच्चों की नियमित उपस्थिति, विद्यालय विकास और एसआईआर अभियान पर हुई विस्तृत चर्चा
गिद्धौर (चतरा): प्रखंड मुख्यालय स्थित गंगा स्मारक प्लस टू उच्च विद्यालय में गुरुवार को शिक्षक, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. कृष्ण कुमार टिंकू ने की, जबकि संचालन शिक्षक डॉ. राजीव कुमार दास ने किया।
बैठक में बताया गया कि विद्यालय में वर्तमान में 1,153 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन इसके बावजूद अभिभावकों की उपस्थिति अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई और विद्यालयी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक के दौरान विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने, विद्यालय की उपलब्धियों, विद्यालय को सामाजिक संसाधन केंद्र के रूप में विकसित करने तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के माध्यम से अभिभावकों और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अलावा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की भी जानकारी देते हुए उपस्थित अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया एवं इसके महत्व से अवगत कराया गया। उनसे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। बैठक में शिक्षक गेंदो रविदास, ब्रजेश कुमार सिंह, संतोष सेठ, शिक्षिका शारदा शैल बाला सहित विद्यालय के अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।




















Total Users : 1049779
Total views : 2840856