एफआईआर दर्ज, पुलिस बोली– आरोपी की तलाश में लगातार चल रही छापेमारी
हंटरगंज (चतरा): चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र की एक युवती ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि थाना में लिखित शिकायत देने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से वह न्याय के लिए भटकने को मजबूर है। उसने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वह थाना परिसर में आत्मदाह जैसा कदम उठाएगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन, आरोपी और उसके परिजनों की होगी।
पीड़िता के अनुसार, हंटरगंज थाना क्षेत्र के ही एक युवक के साथ उसका करीब डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध था। उसका आरोप है कि जब वह नाबालिग थी, तभी युवक ने शादी का भरोसा देकर कई बार होटल ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का यह भी आरोप है कि प्रत्येक बार संबंध बनाने से पहले उसे गर्भनिरोधक दवा दी जाती थी। बाद में जब उसने शादी की बात की, तो युवक अपने वादे से मुकर गया।
पीड़िता ने बताया कि इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच दो बार पंचायत भी हुई। उसके अनुसार, पंचायत में युवक ने संबंध होने की बात स्वीकार की थी और 24 जून को दोनों की शादी कराने पर सहमति बनी थी। लेकिन तय तिथि पर युवक के परिजनों ने शादी से साफ इनकार कर दिया।
युवती का आरोप है कि इसके बाद उस पर पैसे लेकर समझौता करने का दबाव बनाया गया तथा विरोध करने पर उसे धमकियां भी दी गईं। उसने बताया कि 25 और 27 जून को हंटरगंज थाना में लिखित आवेदन दिया। इसके बाद से वह लगातार थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उसका कहना है कि कार्रवाई में हो रही देरी से आरोपी पक्ष का मनोबल बढ़ रहा है और उसे लगातार मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है।
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाया गया तो वह मजबूरी में आत्मदाह जैसा कदम उठाने को विवश होगी। इधर, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।






















Total Users : 1049755
Total views : 2840829