15 दुकानों की जांच, नियम उल्लंघन पर वसूला गया जुर्माना; स्कूलों के पास तंबाकू बिक्री करने वालों पर भी कार्रवाई
इटखोरी (चतरा)। उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश एवं सिविल सर्जन डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत इटखोरी थाना क्षेत्र में तंबाकू नियंत्रण कानूनों के प्रभावी अनुपालन को लेकर संयुक्त छापामारी अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी एवं राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की टीम ने किया।
अभियान के दौरान सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA)-2003 की धारा 4, 6(ए), 6(बी) तथा पीईसीए-2019 के प्रावधानों के तहत कुल 15 दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के क्रम में कई दुकानदार तंबाकू नियंत्रण कानूनों का उल्लंघन करते पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अर्थदंड वसूला गया।
विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए। साथ ही दुकानदारों को भविष्य में कानून का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी भी दी गई।
सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और थूकना भी दंडनीय
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने दुकानदारों एवं आम लोगों को COTPA झारखंड संशोधन अधिनियम-2021 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करना, तंबाकू उत्पादों का सेवन करना अथवा थूकना दंडनीय अपराध है।
उन्होंने कहा कि 21 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को तंबाकू उत्पाद बेचना या उनसे बिकवाना कानूनन प्रतिबंधित है। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, स्वास्थ्य संस्थान, सरकारी कार्यालय एवं न्यायालय परिसरों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि खुले रूप में सिगरेट या अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री भी कानून का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में भी कार्रवाई की जाएगी।
युवाओं को तंबाकू से दूर रहने की अपील
अधिकारियों ने कहा कि तंबाकू सेवन से कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए विशेषकर युवाओं को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए। उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दिनेश मरांडी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की जिला सलाहकार रश्मि दुबे, सोशल वर्कर शशि भूषण शास्त्री तथा इटखोरी थाना की संयुक्त छापामारी टीम के सदस्य शामिल थे।




















Total Users : 1033304
Total views : 2817639