लोहरदगा।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर, लोहरदगा में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है।
इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए लोगों से हरित आवरण बढ़ाने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा स्वच्छ एवं हरित लोहरदगा के निर्माण का संदेश दिया गया।
पौधरोपण कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।



















Total Users : 1004307
Total views : 2778216