*जालिम ट्रकों के समायोजन की मांग को लेकर* *उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन*
लोहरदगा। जालिम ट्रक मालिकों ने अपनी समस्याओं एवं ट्रकों के समायोजन की मांग को लेकर उपायुक्त लोहरदगा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि बिना किसी स्पष्ट कारण के 13 सितंबर 2025 से जालिम ट्रकों का परिचालन बंद कर दिया गया है, जिससे दर्जनों ट्रक मालिकों और उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि ट्रक मालिकों ने कई बार हिंदालको प्रबंधन एवं कंपनी के लॉजिस्टिक विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। कंपनी के अधिकारियों द्वारा जालिम ट्रकों का समायोजन सेरेंगदाग माइंस में किए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ट्रक मालिकों का आरोप है कि लगातार प्रयास और संपर्क के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता रहा है।
ट्रक मालिकों ने बताया कि जालिम क्षेत्र के अधिकांश वाहन मालिक छोटे ट्रक संचालक हैं, जिनके पास केवल एक ट्रक है और उसी के माध्यम से उनके परिवार का भरण-पोषण होता है। ट्रकों के बंद होने से परिवार चलाना, बच्चों की शिक्षा, इलाज तथा बैंक ऋण की किस्तों का भुगतान करना कठिन हो गया है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में सांसद सुखदेव भगत से भी मुलाकात की गई थी। सांसद द्वारा कंपनी अधिकारियों से वार्ता के बाद समायोजन का आश्वासन दिया गया, लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हो सका है।
ट्रक मालिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही जालिम ट्रकों का समायोजन नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में फिरोज अंसारी, दाऊद आलम, मेराज कुरैशी, शमशेर कुरैशी, बिरसु उरांव, कयामुद्दीन अंसारी सहित अन्य ट्रक मालिक एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।



















Total Users : 1001003
Total views : 2773790