तेज रफ्तार का कहर, हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल, पुलिस जांच में जुटी
चौपारण (हजारीबाग), न्यूज स्केल : झारखंड के हजारीबाग जिले में रफ्तार का कहर जानलेवा साबित हो रहा है। जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत बिघा बाजार में एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक सवार अपना संतुलन खो बैठे और छिटक कर सड़क पर जा गिरे। अचानक हुए इस हादसे से घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे, जो चौपारण के जोकट क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इस जोरदार टक्कर में मोटरसाइकिल सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि गनीमत रही कि उनका तीसरा साथी सुरक्षित बाल-बाल बच गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को आनन-फानन में चौपारण स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। फिलहाल, अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अभी तक घायलों की आधिकारिक पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है।
Also Read: भीषण सड़क हादसा: दो ट्रकों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत, पिचक गए परखच्चे, केबिन के अंदर फंसा रहा चालक
सड़क के बीचों-बीच हुए इस हादसे के कारण बिघा बाजार इलाके में कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया और सड़क पर वाहनों की आवाजाही धीमी होने से हल्का जाम लग गया। हालांकि, बाद में स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और आवागमन सामान्य हो सका। घटना की सूचना मिलते ही चौपारण पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए अपनी जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार या लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से तहकीकात कर रही है।






















Total Users : 931081
Total views : 2680347