खुद थाने पहुंचकर कबूला जुर्म, विवाद और शक की जांच में जुटी पुलिस
बिहार के पूर्णिया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के बाद खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। मृतक की पहचान कसबा थाना क्षेत्र के राधानगर वार्ड नंबर-9 निवासी 47 वर्षीय उमेश सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि उनकी पत्नी सुनीता देवी ने हत्या के बाद शव को बोरे में बंद कर अमौर थाना क्षेत्र के पलसा घाट के पास सड़क किनारे फेंक दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला पूर्णिया शहर के केहाट थाना पहुंची और पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने कहा कि उसने अपने पति की हत्या कर दी है और उसे जेल भेज दिया जाए। महिला की यह बात सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। बाद में उसे कसबा थाना पुलिस को सौंप दिया गया। घटना के समय घर में केवल पति-पत्नी ही मौजूद थे। दोनों बड़े बेटे बेंगलुरु में रहते हैं, जबकि छोटा बेटा रिश्तेदार के घर था। सुबह जब बेटा घर लौटा तो उसने कमरे, आंगन और आसपास खून के निशान देखे और पिता को गायब पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जांच के दौरान घर के सेप्टिक टैंक के पास भी खून के निशान मिले। इसी बीच अमौर क्षेत्र में बोरे में बंद शव मिलने की सूचना से पूरे मामले का खुलासा हो गया। परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच करीब 50 हजार रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। साथ ही महिला पर एक अन्य व्यक्ति से संबंध होने का भी आरोप लगाया जा रहा है, जिसे लेकर घर में तनाव बना हुआ था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस वारदात में किसी और की संलिप्तता तो नहीं है। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं।




















Total Users : 878575
Total views : 2606657