समन्वय और सुरक्षा पर विशेष जोर
झारखंड के देवघर में सिटी गैस पाइपलाइन परियोजना की प्रगति को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने की, जिसमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने परियोजना की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक घर तक सुरक्षित और किफायती ऊर्जा पहुंचाना है, जिससे लोगों को गैस सिलेंडर रिफिलिंग की परेशानी से राहत मिल सके।
उपायुक्त ने सड़क खुदाई, पाइपलाइन बिछाने और मरम्मत कार्यों के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इसके साथ ही, परियोजना के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और आम जनता को होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखने के भी निर्देश दिए गए। प्रशासन ने साफ किया कि विकास कार्यों के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में अपर समाहर्ता हीरा कुमार, आईओसीएल पाइपलाइन मैनेजर रत्न कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





















Total Users : 878416
Total views : 2606435