उत्कृष्ट कार्य पर सीओ गौरव कुमार राय को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित
चतरा। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में राजस्व मामलों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न राजस्व कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के स्पष्ट निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सरकारी भूमि के नामांतरण, जमाबंदी, एफआरए/एनओसी प्रस्ताव, एनजीडीआरएस पोर्टल पर लंबित प्रविष्टियां, ई-जन समाधान पोर्टल, भूमि सीमांकन (डिमार्केशन), राजस्व संग्रहण, ई-कोर्ट, म्यूटेशन तथा भारतमाला परियोजना के अंतर्गत भू-अर्जन एवं हस्तांतरण सहित अभिलेखागार में पंजी-2 के डिजिटाइजेशन कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में सीसीएल, एनटीपीसी, रेलवे एवं ऊर्जा संचरण से जुड़े लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ इन मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। राजस्व संग्रहण की समीक्षा के दौरान सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने को कहा गया। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को जिले के सभी सरकारी भवनों का प्राथमिकता के आधार पर ऑनलाइन पंजी-2 में पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया। एफआरए एवं एनओसी मामलों की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही जन शिकायत पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने उच्च न्यायालय से संबंधित मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी देते हुए समय पर काउंटर एफिडेविट दाखिल करने का निर्देश दिया। इसके अलावा समाहरणालय भवन, इंडस्ट्रियल पार्क, मंडल कारा एवं सोलर पार्क जैसी परियोजनाओं के लिए चिन्हित भूमि प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया। बैठक के अंत में सिमरिया क्षेत्र में एयर एंबुलेंस दुर्घटना के दौरान उत्कृष्ट प्रबंधन एवं सेवा कार्य के लिए अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी (उत्तरी/दक्षिणी), अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी वैभव कुमार सिंह सहित सभी अंचल अधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।






















Total Users : 864679
Total views : 2587138