तीसरा मंगला जुलूस भव्य रूप से निकला, जयकारों से गूंजा इलाका
इटखोरी (चतरा)। रामनवमी महापर्व को लेकर इटखोरी प्रखंड मुख्यालय में भक्ति और उत्साह चरम पर है। मंगलवार देर शाम क्षेत्र में तीसरा एवं अंतिम मंगला जुलूस पूरे श्रद्धा और भव्यता के साथ निकाला गया, जिसमें राम भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंगला जुलूस देवी मंडप इटखोरी, चट्टी तथा नगवां से निकाला गया। सभी अखाड़े अपने-अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए झंडा चौक पहुंचे, जहां सभी एकत्रित हुए। इस दौरान अखाड़ों द्वारा पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने झंडा चौक स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन किया और जुलूस अपने-अपने स्थानों पर लौटकर संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान सभी अखाड़ों में अनुशासन और व्यवस्था देखने योग्य रही। पूरे मार्ग में डीजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। “जय श्रीराम” और “जय हनुमान” के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। रामनवमी पूजा महासमिति के अध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि नवमी के दिन इटखोरी दुर्गा मंडप के पास भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न अखाड़ों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में रामनवमी को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। महासमिति द्वारा इटखोरी चौक को भगवा झंडों से सजाया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र धार्मिक रंग में रंगा नजर आ रहा है। उन्होंने आम लोगों से पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।






















Total Users : 864679
Total views : 2587138