उत्कृष्ट कार्य करने वाले आरोग्य दूतों को किया गया सम्मानित, स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर
देवघर, झारखंड। सदर अस्पताल देवघर के सभागार में “100 स्वास्थ्य आरोग्य दूत सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. बी. पी. सिंह एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी बिनोद कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 100 स्वास्थ्य आरोग्य दूतों को उनके उत्कृष्ट कार्य और स्वास्थ्य जागरूकता में सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी पहुंचाने वाले आरोग्य दूतों को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. बी. पी. सिंह ने कहा कि आरोग्य दूत समाज और स्वास्थ्य विभाग के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी बिनोद कुमार ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य एक-दूसरे के पूरक हैं। एक स्वस्थ समाज ही शिक्षा का वास्तविक लाभ उठा सकता है। उन्होंने आरोग्य दूतों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। समारोह के दौरान आरोग्य दूतों के कार्यों और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की गई और भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए सुझावों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर डीपीएम नीरज भगत, डीपीसी प्रवीण सिंह, बीपीओ संदीप मोदी एवं उज्ज्वल पाठक सहित कई गणमान्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सम्मानित आरोग्य दूतों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सभी आरोग्य दूतों से अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता, टीकाकरण, पोषण और स्वच्छता को बढ़ावा देने की अपील की गई। धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।




















Total Users : 864628
Total views : 2587060