
न्यूज स्केल संवाददाता
मयूरहंड(चतरा): मयूरहंड प्रखंड क्षेत्र के करमा पंचायत अंतर्गत चौथा मौजा के रजिस्टर 2 में छेडछाड किए जाने का मामला उजागर हुआ है। पंदनी पंचायत अंतर्गत पचघारा के मूल रैयत के वंशजों ने दावा करते हुए बताया की हम सभी खेवट नंबर 5/2 एवं 5/3 के खेवटदार के वंशज हैं। उक्त करनामे का उजागर तब हुई जब सभी रैयतों ने मालगुजारी रसीद निर्गत कराने अंचल कार्यालय पहुंचे तो रजिस्टर 2 में छेडछाड पाया गया। जिसके बाद पीडित रैयतों ने झारखंड सरकार के रेवेन्यू सचिव रांची, उपायुक्त चतरा, अपर समाहर्ता चतरा, उप समाहर्ता चतरा एवं अंचल अधिकारी मयूरहंड को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। खेवट नंबर 5/2 दशरथ सिंह तथा 5/3 बिहारी सिंह पिता भुली सिंह के नाम से दर्ज है। दोनों खेवट का खाता संख्या 25.26.27. एवं 28 रकबा 4 एकड 95 डिसमील है। जिसका रसीद वर्ष 1954-55 से अंचल कार्यालय द्वारा पदारथ सिंह एवं रघुनंदन सिंह के नाम से निर्गत होते आ रहा था। इनके वंशज यशवंत सिंह, विजय सिंह, नित्यानंद सिंह, प्रदीप सिंह,रामखेलावन सिंह, अशोक सिंह, साधू शरण सिंह, सत्यानंद सिंह, बिरेंद्र सिंह, अनंत सिंह एवं करुणाकर सिंह सभी चौथा मौजा के रैयत अंचल कार्यालय पहुंचे तो राजस्व कर्मी द्वारा खाता लॉक बताया गया। वहीं दूसरी ओर खाता संख्या 28 के जमीन का नया जमाबंदी खोल दिया गया और पारो महतो एवं घनू महतो वगैरह के नाम रसीद निर्गत की जा रही है। इस विषय में प्रभारी अंचल अधिकारी साकेत कुमार सिन्हा ने जांच करवाने के साथ दोषी पाए जाने पर अंचल कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही।