चतरा। राष्ट्रीय बालिका दिवस के पावन अवसर पर ग्रामोदय चेतना केंद्र, चतरा में अंतर्राष्ट्रीय महिला काव्य मंच, जिला इकाई चतरा द्वारा वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित काव्य गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को साहित्य, संस्कृति और नारी सशक्तिकरण के भाव से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष डॉ. सांध्य रानी के नेतृत्व में दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। सरस्वती वंदना की मनोहारी प्रस्तुति मीनाक्षी जायसवाल ने दी। मुख्य अतिथि के रूप में मंच की प्रदेश अध्यक्ष मोना बग्गा उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में उपनिर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती कुमारी, जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, मुखिया अनीता यादव व ललिता यादव, शिक्षिका सुप्रिया रश्मि तथा झारखंड सरकार की अवकाश प्राप्त सचिव प्रभा गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि मोना बग्गा ने अपने संबोधन में कहा कि कविता समाज का आईना होती है और नारी चेतना को सशक्त बनाने में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं ‘हम होंगे कामयाब’ जैसे प्रेरक गीत के माध्यम से उपनिर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती कुमारी का संदेश उपस्थित जनसमूह के लिए प्रेरणास्रोत रहा। अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. सांध्य रानी ने राष्ट्रीय बालिका दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा, आत्मविश्वास और अवसर की समानता ही सशक्त भारत की मजबूत नींव है।
काव्य गोष्ठी में महिला काव्य मंच चतरा की डॉ. सांध्या रानी, डॉ. साबित बनर्जी, श्वेता सिंहा, कविता फूलवंती, मीनाक्षी जायसवाल, माधवी गुप्ता, शोभा कुजूर, अरुंधति दत्ता एवं पूजा सहनी ने अपनी प्रभावशाली रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। हजारीबाग से आमंत्रित रचनाकारों में मोना बग्गा, सुप्रिया रश्मि, राजश्री, बुलबुल गुप्ता एवं लक्की ने भी सशक्त काव्य पाठ किया।
इसके अतिरिक्त ललिता यादव, इंदु सिंहा, तारा रानी, मुनिता कुमारी, मुनिका कुमारी, दीपा कुमारी, सरस्वती गुप्ता, विनीता कुमारी, अदिति सिंहा, अदिति मिश्रा, निवेदिता एवं शताक्षी की सक्रिय सहभागिता रही। डीएवी पब्लिक स्कूल की शिक्षिकाओं, विभिन्न विभागों से आई महिलाओं, ग्रामोदय चेतना केंद्र की बालिकाओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम पूर्णतः महिलाओं को समर्पित रहा, जिसमें नारी शक्ति की रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक भूमिका का सुंदर प्रदर्शन देखने को मिला। मंच संचालन पूजा सहनी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. साबित बनर्जी ने प्रस्तुत किया। समापन पर सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
यह आयोजन न केवल साहित्यिक दृष्टि से बल्कि सामाजिक चेतना के स्तर पर भी अत्यंत सफल और प्रेरणादायक रहा, जिसने बालिकाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर, शिक्षित एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश दिया।






















Total Users : 790218
Total views : 2485515