
न्यूज स्केल संवाददाता
मयूरहंड(चतरा)। लोकतंत्र प्रणाली में जनता सर्वाेपरि होती है, इसलिए लोकतंत्र बचाने के लिए वोट देना जरुरी है। उक्त बातें मतदाता जागरुकता अभियान के दौरान बीडीओ मनीष कुमार ने मयूरहंड प्रखंड क्षेत्र के मतदाताओं से कहा। मतदाताओं को प्रेरित करते हुए उन्होने कहा कि एक-एट वोट का बडा महत्व होता है, इसलिए सभी मतदाताओं को लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान करके देश के प्रति कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वाहन करना चाहिए। चुनाव में मतदान करने का मौका पांच साल के बाद मिलता है। इसलिए इस अवसर को गंवाना नहीं चाहिए, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान करके अपने आप को गौरवान्वित महसूस करना चाहिए। हमारे देश में युवाओं की संख्या अधिक है, इसलिए भारत को युवाओं का देश बोला जाता है। इस बात को युवाओं को समझना होगा कि लोकतंत्र में भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत बनता है और इसी चुनाव से देश की दिशा और दशा तय होती है।