गिले-शिकवे भूलकर लोगों ने एक-दूसरे को लगाया अबीर-गुलाल
कुंदा(चतरा)। रंगों का त्यौहार होली जिले के कुंदा प्रखंड क्षेत्र में शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। होलिका दहन के पश्चात बुधवार को लोग एक दूसरे को रंगों से सराबोर कर होली के बज रहे गानों पर जमकर झूमे। वही सबसे अधिक उत्साह बच्चों में दिखा, बच्चे अपने साथियों के साथ पिचकारी से एक-दूसरे पर रंग फेंका। इसके साथ बड़े बुजुर्गों को अबीर गुलाल लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। बुजुर्गों ने कहा की होली पर्व हिंदी के नए साल के शुरुआत के अवसर पर मनाई जाती है। इसकी विशेषता है की लोग अपने गिले-शिकवे दूर कर प्रेम एकता एवं सद्भावना को बढ़ाते हुए एक दूसरे से गले मिलते हैं। वहीं थाना क्षेत्र में होली पर्व के अवसर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने में थाना प्रभारी परमानंद मेहरा अपने दल बल के साथ सक्रिय रहे। इस अवसर पर सिक्कीदाग पूर्व मुखिया पति अनिल यादव, कुंदा मुखिया मनोज साहू, सिक्कीदाग मुखिया अनीता देवी, मरगड्डा मुखिया उपेंद्र पासवान, बौधाडीह मुखिया अनिता देवी व नवादा मुखिया भरत यादव अपने पंचायत क्षेत्र में होली मिलन समारोह आयोजित कर लोगों के साथ अबीर गुलाल लगाकर होली पर्व मनाया।