मोहाने नदी घाट पर चल रहा साफ-सफाई अभियान; घाट की सीढ़ियों पर सतरंगी पेंटिंग और सूर्यदेव की तस्वीरें, श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
चतरा | लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर चतरा जिले के इटखोरी स्थित ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर परिसर के मोहाने नदी घाट पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार प्रशासन और स्थानीय छठ घाट समिति के प्रयासों से घाट को बनारस के प्रसिद्ध ‘नमो घाट’ की तर्ज पर भव्य और आकर्षक रूप दिया जा रहा है।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
छठ व्रतियों की सुविधा के लिए घाट पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया है। घाट की पूरी व्यवस्था और सजावट का कार्य छठ घाट समिति के अध्यक्ष दीपक गिरी हिंदुस्तानी, सचिव पुनीत राहुल एवं कोषाध्यक्ष रवि कुमार के नेतृत्व में संपन्न किया जा रहा है।
सतरंगी सीढ़ियां और सूर्यदेव की पेंटिंग
घाट की सीढ़ियों को सतरंगी रंगों से बेहद खूबसूरती से सजाया गया है। सीढ़ियों के दोनों किनारों पर भगवान भास्कर (सूर्यदेव) की आकर्षक तस्वीरें बनाई गई हैं, जो घाट के आकर्षण को और बढ़ा रही हैं। समिति के सदस्य पूरे परिसर को सुंदर रूप देने में जुटे हैं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को एक बेहतरीन और भक्तिमय माहौल मिल सके।
रोशनी का पुख्ता इंतजाम
घाट की सजावट के साथ-साथ बिजली व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इटखोरी मिडिल स्कूल से लेकर छठ घाट तक सड़क के दोनों किनारों पर रोशनी (लाइटिंग) की व्यवस्था की जा रही है। इससे छठ के दौरान रात में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी। अब बस छठी मैया के आगमन का इंतजार है, जब पूरा इटखोरी क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आएगा।



















Total Users : 1281546
Total views : 3156756