चतरा को मौसम विभाग ने ऑरेंज जोन में रखा, तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका; शिक्षकों को स्कूल पहुंचकर गैर-शैक्षणिक कार्य निपटाने का निर्देश
चतरा। चक्रवात “अर्नब” के कारण भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए चतरा जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, चतरा के कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में 29 अक्टूबर 2026 को पठन-पाठन का कार्य स्थगित रहेगा।
ऑरेंज जोन में चतरा, तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका
भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र झारखंड, रांची की ओर से झारखंड के कई जिलों में चक्रवात “अर्नब” के चलते भारी बारिश की चेतावनी जारी कर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। आदेश में बताया गया है कि चतरा जिले को ऑरेंज जोन श्रेणी में रखा गया है और यहां तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है।
आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 34 के तहत फैसला
इसी आधार पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 34 के तहत जिले में संचालित सभी कोटि के सरकारी एवं गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) तथा सभी निजी विद्यालयों में केजी से कक्षा 12 तक की पढ़ाई 29 अक्टूबर को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। यदि किसी निजी विद्यालय में पहले से परीक्षा तय है, तो उस पर निर्णय विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर से ले सकेगा।

शिक्षकों को स्कूल में रहना होगा उपस्थित
आदेश के मुताबिक, सभी कोटि के सरकारी, सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्कूल में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। साथ ही जिले के सभी सरकारी एवं सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) विद्यालयों के शिक्षकों को ई-विद्यावाहिनी में अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी।
28 अक्टूबर को जारी हुआ आदेश
यह आदेश 28 अक्टूबर 2026 को ज्ञापांक 1554 के तहत जारी किया गया। इसकी प्रतिलिपि जिले के सभी प्राचार्यों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों और क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारियों के साथ-साथ जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक (उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग) और उप विकास आयुक्त, चतरा को भेजी गई है। सूचनार्थ प्रति स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड, रांची के निदेशक (प्राथमिक शिक्षा/माध्यमिक शिक्षा) और सचिव के आप्त सचिव को भी प्रेषित की गई है।





















Total Users : 1247390
Total views : 3105381