17 अक्टूबर की रात हुई घटना, चोरी के दौरान हत्या का रंग देने की कोशिश भी आई सामने, गुलाम और नेहा परवीन गिरफ्तार
रामगढ़। जिस घर में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हुई, उसी मामले में पुलिस जांच ने रिश्तों को शर्मसार करने वाला सच उजागर किया है। पुलिस के अनुसार, पति और सगी बहन के बीच कथित प्रेम संबंध का विरोध करने पर जेबा परवीन की जान चली गई। इस मामले में मृतका के पति गुलाम सरवर उर्फ राजन और उसकी बहन नेहा परवीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
प्रेस वार्ता में एसडीपीओ ने किया खुलासा
रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र के रउता स्थित रोशन नगर में हुई इस घटना का खुलासा बुधवार को प्रेस वार्ता में एसडीपीओ आलोक रंजन ने किया।
17 अक्टूबर की रात क्या हुआ
पुलिस के मुताबिक, घटना 17 अक्टूबर की रात की है। उस वक्त जेबा परवीन घर में थी, जबकि उसका पति गुलाम सरवर और नईसराय निवासी बहन नेहा परवीन भी वहां मौजूद थीं। पुलिस का कहना है कि जेबा को पति और बहन के संबंध की जानकारी मिल गई थी। इसे लेकर विरोध हुआ और तीनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान धक्का लगने से जेबा का सिर दीवार से टकरा गया और वह बेहोश हो गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों उसे उसी हालत में छोड़कर चले गए।

चोरी के दौरान हत्या का रंग देने की तैयारी
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर की रात घर लौटने के बाद गुलाम सरवर ने घटना को चोरी के दौरान हुई हत्या के रूप में पेश करने की बात कही। हालांकि जांच के दौरान पुलिस ने पति और नेहा परवीन को गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल किया।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, एएसआई राजेश कुमार और महिला आरक्षी सुकमणि समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।





















Total Users : 1247390
Total views : 3105381