11 पंडालों में एक साथ कलश स्थापना, ठाकुरबाड़ी में 501 श्रद्धालुओं ने लिया कलश; बारीसाखी में निकली भव्य शोभायात्रा
गिद्धौर (चतरा)। शारदीय नवरात्र का शुभारंभ रविवार को गिद्धौर प्रखंड में उत्साह के साथ हुआ। प्रखंड के 11 पंडालों में एक साथ घटस्थापना हुई। विभिन्न गांवों में बाजे-गाजे के साथ शोभायात्रा निकली और पहले दिन मां शैलपुत्री की आराधना की गई। इस बार नौ देवियों की बारी-बारी से उपासना होगी।

प्रखंड मुख्यालय के ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर से निकली यात्रा रामसागर आहर पहुंची, जहां ब्राह्मणों ने गंगा स्तुति, वंदना और शंख ध्वनि के बीच विधिवत मंत्रोच्चार कर घड़ों में जल भरा। इसके बाद यात्रा कौलेश्वरी मंदिर का भ्रमण करते हुए सलगा गांव और ब्लॉक मोड़ होकर वापस मंदिर परिसर लौटी, जहां 501 श्रद्धालुओं ने कलश स्थापित किया। सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति गिद्धौर के अलावा पहरा, केंदुआ, पेक्सा, सिंदुआरी, गांगपुर, द्वारी, बलबल और अन्य गांवों में भी धूमधाम से जुलूस निकाला गया। मान्यता है कि इस बार रविवार से शुरू होने के कारण मां महामाया का आगमन हाथी पर हुआ है, जो शास्त्रों के अनुसार अत्यंत शुभ फलदायी माना जाता है।
वहीं बारीसाखी गांव में पूरा इलाका माता रानी के जयकारों से गूंज उठा। मुखिया सुमीरा कुमारी, समिति अध्यक्ष देव कुमार साव, सचिव दिनेश भारती और समाजसेवी प्रसादी पासवान व मुनेश्वर यादव ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर आयोजन की शुरुआत की। लाल-पीली चुनरी और पारंपरिक परिधान में सजी 501 से अधिक महिलाओं व युवतियों ने इसमें हिस्सा लिया। मंडप परिसर से निकलकर गांव भ्रमण करती हुई यात्रा नदी के छठ घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रों के साथ पूजन कर घड़ों में पवित्र जल भरा गया। लौटने पर विधि-विधान से कलश स्थापना हुई और मां भवानी की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ अनुष्ठान आरंभ हुआ।
देव कुमार साव ने कहा कि यह पर्व केवल उत्सव नहीं, शक्ति की साधना और ग्रामीण एकता का प्रतीक है। मुखिया सुमीरा कुमारी ने सभी से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में आयोजन संपन्न कराने की अपील की।

ठाकुरबाड़ी में समिति अध्यक्ष मनोज कुशवाहा, सचिव कपिल कुमार, वरिष्ठ नेता परमेश्वर दांगी, विकास कुमार, राजेश कुमार, निरंजन दांगी, पंचायत समिति सदस्य सरिता देवी और मुखिया जगदीश यादव उपस्थित रहे। बारीसाखी में उप मुखिया विकास कुमार पांडेय, मुखिया प्रतिनिधि दिनेश भारती, रामजीवन कुमार साहू, वीरेंद्र कुमार यादव, रोहित कुमार दांगी, मिथिलेश कुमार दांगी, धीरेंद्र पासवान, रामाशीष यादव, सुरेंद्र तिवारी, विनोद साहू, मनोज साहू, तीरथ कुमार साहू, शुभम सोनी, इंद्रदेव यादव, यशवंत दांगी, विकास कुमार बिक्कू, विजय रजक समेत सैकड़ों महिलाएं और ग्रामीण शामिल थे।


















Total Users : 1230258
Total views : 3081477