रोज की तरह मजदूरी के लिए रांची जा रहा था युवक, पटरी पार करते समय हुआ हादसा; परिजनों में कोहराम, गांव में शोक
लोहरदगा (झारखंड)। लोहरदगा जिले के कैरो थाना क्षेत्र अंतर्गत नगजुआ स्टेशन के टिकट काउंटर के समीप बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। लोहरदगा से रांची की ओर जा रही मेमू ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान सढ़ाबे पंचायत के डुमरटोली निवासी लखवा उरांव के 37 वर्षीय पुत्र शनि उरांव के रूप में हुई है।
पटरी पार करते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनि उरांव टिकट काउंटर की ओर से प्लेटफॉर्म की तरफ जाने के लिए रेलवे पटरी पार कर रहा था। इसी दौरान लोहरदगा की ओर से आ रही मेमू ट्रेन वहां पहुंच गई और वह उसकी चपेट में आ गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम और कैरो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए।
इकलौता कमाने वाला था शनि
परिजनों के अनुसार, शनि उरांव बेहद गरीब परिवार से था और घर चलाने वाला इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह रोजाना मजदूरी के लिए ट्रेन से रांची आता-जाता था। बुधवार सुबह भी वह रोज की तरह काम पर जाने के लिए निकला था, तभी स्टेशन के पास यह हादसा हो गया। शनि उरांव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद डुमरटोली गांव में भी शोक की लहर है।

न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान

















Total Users : 1282222
Total views : 3157844