Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

औद्योगिक विकास की तैयारी तेज, ओमेगा ग्रुप की बायोगैस, सोलर और फूड पार्क जैसी परियोजनाओं की योजना

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

किसानों को शेयरहोल्डर बनाने की पहल, स्थानीय योग्य युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य

संवाददाता | न्यूज स्केल लाइव

कान्हाचट्टी (चतरा)। चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड अंतर्गत तुलबुल पंचायत के अरमेंदाग में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नई दिशा देने की तैयारी तेज हो गई है। इसको लेकर सोमवार को कंपनी और स्थानीय किसानों-रैयतों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई। ओमेगा ग्रुप होल्डिंग द्वारा स्थानीय किसानों और रैयतों के सहयोग से उनकी जमीन का सदुपयोग करते हुए कई रोजगारोन्मुखी परियोजनाएं स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। प्रस्तावित परियोजनाओं को लेकर अरमेंदाग एवं आसपास के क्षेत्रों के किसानों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।

ये परियोजनाएं प्रस्तावित

ओमेगा ग्रुप ट्रस्ट की प्रस्तावित योजना के तहत तुलबुल में 15 टीपीडी बायोगैस प्लांट, 20 मेगावाट सोलर प्लांट, 40 एमडब्ल्यूएच बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम, 10 एकड़ में फूड पार्क तथा 100 गायों की क्षमता वाला डेयरी फार्म स्थापित करने की योजना है। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

ऊर्जा और कृषि आधारित इन परियोजनाओं के एक साथ विकसित होने से स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही किसानों, युवाओं और छोटे कारोबारियों को भी नए अवसर मिलने की संभावना है।

किसानों को बनाया जाएगा शेयरहोल्डर

प्रस्तावित परियोजना का एक महत्वपूर्ण पहलू जमीन उपलब्ध कराने वाले किसानों की भागीदारी से जुड़ा है। ओमेगा ग्रुप ट्रस्ट की योजना के अनुसार किसानों को केवल जमीन के बदले मुआवजा देकर परियोजना से अलग करने के बजाय उन्हें कंपनी में शेयरहोल्डर के रूप में जोड़कर विकास प्रक्रिया में भागीदार बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। इससे किसानों को परियोजना से दीर्घकालिक रूप से जुड़े रहने और कंपनी की विकास यात्रा में अपनी हिस्सेदारी रखने का अवसर मिल सकता है। स्थानीय रैयतों के बीच इस पहल को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी जा रही है।

क्या बोले वाइस चेयरमैन

ओमेगा ग्रुप होल्डिंग के वाइस चेयरमैन एवं हजारीबाग निवासी शादाब अंसारी ने परियोजना की तैयारियों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि तुलबुल में प्रस्तावित योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। उनका कहना है कि ओमेगा ग्रुप ट्रस्ट का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना और क्षेत्र के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना भी है।

उन्होंने बताया कि परियोजनाओं के शुरू होने के बाद निर्धारित योग्यता और अहर्ता रखने वाले स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही रैयत किसानों को भी रोजगार सृजन की प्रक्रिया में भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा।

शादाब अंसारी के अनुसार रैयत किसान अपने क्षेत्र के ऐसे योग्य युवाओं और लोगों को रोजगार से जोड़ने में सहयोग कर सकेंगे, जो कंपनी द्वारा निर्धारित अहर्ताओं को पूरा करते हों। इससे स्थानीय लोगों की परियोजना में भागीदारी बढ़ने के साथ-साथ रोजगार के अवसरों का लाभ क्षेत्र के अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि परियोजना का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों और मानव संसाधन का बेहतर उपयोग करते हुए क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

भव्य शुभारंभ की तैयारी

तुलबुल में प्रस्तावित परियोजनाओं के भव्य शुभारंभ की तैयारी की जा रही है। क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को उम्मीद है कि योजनाएं निर्धारित रूपरेखा के अनुसार धरातल पर उतरती हैं तो इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार, व्यवसाय और आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है।

ग्रामीणों का मानना है कि उनकी जमीन का उपयोग केवल मुआवजे तक सीमित न रहकर यदि उद्योग, रोजगार और आर्थिक विकास से जुड़ता है तो इसका दीर्घकालिक लाभ किसानों, युवाओं, स्थानीय परिवारों और छोटे कारोबारियों को मिल सकता है।

ओमेगा ग्रुप की प्रस्तावित पहल से तुलबुल क्षेत्र में ऊर्जा, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और डेयरी क्षेत्र को एक साथ विकसित करने की दिशा में नया औद्योगिक मॉडल तैयार होने की उम्मीद जताई जा रही है। परियोजनाओं के धरातल पर आने के बाद कान्हाचट्टी प्रखंड के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की संभावना है।

मौके पर राष्ट्रीय जन उत्कर्ष पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीताराम सिंह, ओमेगा ग्रुप के सेक्रेटरी ज्ञान प्रकाश, कानूनी सलाहकार अधिवक्ता विभु गर्ग, इवेंट डायरेक्टर ऋतुराज, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रेहान फैजान, लीगल असिस्टेंट एडवाइजर सावंत कुमार पांडे, कुलदीप यादव, प्रीतम यादव, सीताराम यादव, रामेश्वर यादव, सुरेश यादव, योगेंद्र कुमार यादव, महेंद्र यादव, आदित्य प्रसाद यादव, रणजीत सिंह भोक्ता, खेमलाल सिंह भोक्ता, महावीर यादव, प्रयाग यादव, बैजनाथ यादव, रितु यादव, आदित्य प्रसाद केसरी, नागेंद्र ठाकुर, कामेश्वर सिंह भोक्ता, नामधारी ठाकुर सहित स्थानीय ग्रामीण एवं कई समाजसेवी उपस्थित थे।

न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment