प्रोजेक्टर से दुर्घटनाओं के कारण और बचाव के तरीके समझाए, ‘दुर्घटना से पहले अपने अपनों को रोकें-टोकें’ का दिया संदेश
गुमला, झारखंड, संवाददाता। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात को लेकर सोमवार को गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज में वृहद सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। उपायुक्त दिलीपेश्वर महतो और जिला परिवहन पदाधिकारी सतेन्द्र महतो के निर्देश पर आयोजित सड़क सुरक्षा क्लास में कॉलेज के करीब 210 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली।
अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा टीम ने विद्यार्थियों को केवल मौखिक जानकारी देने के बजाय प्रोजेक्टर, वीडियो क्लिप और तस्वीरों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनके गंभीर परिणामों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को हादसों से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता समझाई गई।
‘अपने अपनों को रोकें-टोकें’ का दिया संदेश
अभियान का प्रमुख संदेश रहा—“दुर्घटना से पहले अपने अपनों को रोकें-टोकें।” टीम ने विद्यार्थियों से कहा कि सड़क सुरक्षा की शुरुआत केवल सड़क पर नहीं, बल्कि घर से भी होती है। परिवार के सदस्य एक-दूसरे को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करें। विद्यार्थियों से विशेष रूप से अपील की गई कि वे अपने माता-पिता और परिजनों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के लिए जरूर टोकें।
हेलमेट, सीट बेल्ट और ओवरस्पीडिंग को लेकर जागरूकता
कार्यक्रम में दोपहिया वाहन चालकों को ISI मार्क वाला प्रमाणित हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन में यात्रा के दौरान सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी गई। साथ ही ओवरस्पीडिंग, शराब के नशे में वाहन चलाने, ट्रिपल लोडिंग और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचने की सख्त हिदायत दी गई।
गुड सैमेरिटन और हिट एंड रन कानून की दी जानकारी
विद्यार्थियों को ‘गुड सैमेरिटन’ और ‘हिट एंड रन’ से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। टीम ने कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि “जल्दी पहुंचने से कहीं अधिक जरूरी सुरक्षित पहुंचना है।” दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले लोगों को प्रशासन की ओर से सुरक्षा और सम्मान दिए जाने की जानकारी भी दी गई।
विद्यार्थियों ने लिया सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। अभियान को सफल बनाने में मोटरयान निरीक्षक प्रदीप कुमार तिर्की, सड़क सुरक्षा प्रबंधक प्रभाष कुमार, आईटी सहायक मंटू रवानी और रोड इंजीनियरिंग एनालिस्ट प्रणय कांशी की भूमिका रही। वहीं संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. शिबा नारायण साहू, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अजीत कुमार शुक्ला तथा सभी शिक्षकों ने भी सहयोग किया।
अभियान का मुख्य संदेश रहा—“दुर्घटना होने के बाद पछताने से बेहतर है—दुर्घटना से पहले अपने अपनों को रोकें, टोकें और सुरक्षित रखें।”
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान


















Total Users : 1277036
Total views : 3149628