पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों ने किया समझाने का प्रयास, लेकिन अधिवक्ता ने ठोस कार्रवाई तक आंदोलन जारी रखने की दी चेतावनी; पुल निर्माण भूमि अधिग्रहण और मुआवजे के कारण लंबित, रैयतों ने रोका जेसीबी का काम
चतरा/इटखोरी | चतरा जिले के इटखोरी प्रखंड में चतरा-चौपारण मार्ग पर स्थित ब्रिटिश शासनकाल में बने करीब 101 वर्ष पुराने जर्जर बक्सा पुल के निर्माण कार्य को पूरा कराने की मांग को लेकर हाई कोर्ट के अधिवक्ता सह कांग्रेस नेता योगेंद्र यादव ने शनिवार से अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण सत्याग्रह शुरू कर दिया है।
बारिश में भीगते हुए कर रहे सत्याग्रह
अधिवक्ता योगेंद्र यादव ने बक्सा पुल के पास सड़क किनारे टेंट लगाकर आंदोलन की शुरुआत की। खराब मौसम और बारिश के बावजूद वे भीगते हुए सत्याग्रह कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सत्याग्रह तब तक जारी रहेगा, जब तक पुल का निर्माण कार्य पूरा कराने और नए पुल पर आवागमन शुरू करने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने पहले ही जिला प्रशासन को अवगत करा दिया था कि 21 नवंबर 2026 से बक्सा पुल के समीप अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण सत्याग्रह शुरू किया जाएगा।
100 साल पुराना है पुल, हर रोज जोखिम में जान
बता दें कि यह पुल चतरा जिला मुख्यालय को इटखोरी और राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (चौपारण) से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है। लगभग 101 साल पुराना यह पुल (जिसका निर्माण ब्रिटिश काल में 1925 में हुआ था) पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। पुल की स्थिति इतनी भयावह है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। पुल के ऊपरी हिस्से पर कई जगह गड्ढे बन गए हैं। इसके बावजूद प्रतिदिन हजारों लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इस पुल से आवागमन करने को मजबूर हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से पुल की स्थिति और भी बदतर होती जा रही है।
पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों ने किया समझाने का प्रयास
सत्याग्रह शुरू होने के बाद अधिवक्ता योगेंद्र यादव को मनाने और पुल निर्माण में आ रही बाधाओं की जानकारी देने के लिए पीडब्ल्यूडी (PWD) के तीन सदस्यीय दल के जूनियर इंजीनियर उज्ज्वल कुमार, चंदन कुमार और उपेंद्र कुमार सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे। हालांकि, योगेंद्र यादव ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता, तब तक सत्याग्रह जारी रहेगा।
क्यों लंबित है पुल का निर्माण?
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के कारण पुल का निर्माण कार्य लंबित है। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को भूमि अधिग्रहण करना है। वहीं, सत्याग्रह शुरू होने के बाद संवेदक ने पुल के अप्रोच के पास झाड़ियों की सफाई के लिए जेसीबी से काम शुरू कराया, लेकिन रैयतों ने मुआवजे की मांग को लेकर काम बंद करा दिया।
कौन-कौन रहे मौजूद?
सत्याग्रह स्थल पर प्रमुख प्रिया कुमारी, जिला परिषद सदस्य के पति भरत साव, संतोष सोनी, अजय कुमार, जोगेंद्र ठाकुर और रविंद्र दांगी समेत कई स्थानीय लोग मौजूद थे। अधिवक्ता योगेंद्र यादव ने इटखोरी और आसपास के क्षेत्र के सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से इस जनहित के आंदोलन में शामिल होकर समर्थन देने की अपील की है।




















Total Users : 1276134
Total views : 3148320