CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर, गुस्साई भीड़ ने बस पर किया पथराव — ड्राइवर हिरासत में
मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित राजवाड़ा इलाके में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सरकारी सिटी बस (PM बस सेवा) अचानक बेकाबू होकर सड़क पर तेजी से बढ़ी और वहां मौजूद चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक और घायलों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बस लोगों को कुचलते हुए साफ नजर आ रही है। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने बस पर ईंट-पत्थरों से पथराव कर उसके शीशे तोड़ डाले।
प्रत्यक्षदर्शी महिला शंकुतला के अनुसार, बस ने सड़क किनारे खड़े एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो चालक नीचे गिर गया और बस की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शंकुतला ने यह भी बताया कि ऑटो के पास थैली बेचने वाला एक युवक भी खड़ा था, जो बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा एक अन्य युवक को भी चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के वक्त बस की रफ्तार काफी तेज थी।
फुटेज में दिखा दर्दनाक मंजर
सीसीटीवी फुटेज में चौराहे पर कई लोग खड़े नजर आते हैं, वहीं पास में एक ऑटो रिक्शा भी खड़ा दिखता है। इसी दौरान बस अचानक तेज रफ्तार में आगे बढ़ती है और चार लोगों को अपनी चपेट में ले लेती है। फुटेज में ऑटो चालक बस की टक्कर के बाद जमीन पर गिरता दिखाई देता है, जिसके सिर, मुंह और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आती हैं। दो लोग बस के अगले हिस्से से टकराकर सड़क पर गिर पड़ते हैं, जबकि दो अन्य बस के पिछले पहियों की चपेट में आ जाते हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच जाती है।
एडिशनल एसपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि राजवाड़ा पर नगर सेवा का बस स्टैंड है, जहां MP-e-सेवा की बस खड़ी थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गई और पूजा सामग्री की दुकानों की ओर चली गई, जिसके रास्ते में कई लोग बस की चपेट में आ गए।
एडिशनल एसपी के मुताबिक, हादसे के बाद बस चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जांच में ड्राइवर या किसी अन्य व्यक्ति की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की जाएगी।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान






















Total Users : 1204778
Total views : 3046660