आवास योजना का लाभ नहीं मिलने से बढ़ी मुश्किलें, प्रशासन से राहत की गुहार
हंटरगंज (चतरा), संवाददाता। लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने हंटरगंज प्रखंड के करमा पंचायत के गोबरडीह गांव निवासी मुनि देवी के परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के दौरान उनका घर पूरी तरह गिर गया, जिसके बाद परिवार के सामने सिर छिपाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। फिलहाल परिवार के सदस्य एक जर्जर कमरे में रहने को मजबूर हैं।
पानी भरने के दौरान अचानक गिरा मकान
मुनि देवी के पति दयानंद कुमार यादव ने बताया कि लगातार बारिश के कारण घर में पानी भर गया था, इसी दौरान मकान अचानक गिर गया। मकान गिरने से घर में रखा घरेलू सामान और अन्य जरूरी सामग्री भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।
जर्जर कमरे में गुजर रही जिंदगी, अनहोनी का डर
घर गिरने के बाद परिवार के पास सुरक्षित रहने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है। बारिश के इस मौसम में जर्जर कमरे में बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहना अत्यंत मुश्किल हो गया है और परिवार को हर समय किसी अनहोनी का डर सता रहा है।
पीड़िता ने बताया कि घटना की जानकारी जोरी थाना को दे दी गई है।
कमजोर आर्थिक स्थिति, नहीं मिला आवास योजना का लाभ
पीड़ित परिवार का कहना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अपने स्तर से मकान की मरम्मत या नया घर बनाना संभव नहीं है। पीड़िता ने बताया कि आवास योजना का लाभ लेने के लिए कई बार पंचायत प्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका।

प्रशासन से जांच व राहत की मांग
पीड़िता ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराकर स्थल निरीक्षण कराने तथा नियमानुसार आपदा राहत और सरकारी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल पीड़ित परिवार को प्रशासन की पहल और मदद का बेसब्री से इंतजार है।
न्यूज स्केल लाइव — भरोसे की पहचान





















Total Users : 1282546
Total views : 3158397