4 अक्टूबर के रांची कार्यक्रम में 200 कार्यकर्ताओं की सहभागिता का लक्ष्य, हित चिंतक अभियान को लेकर भी चर्चा
चतरा। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की जिला स्तरीय बैठक गुरुवार को चतरा स्थित पत्थलदास मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में झारखंड प्रांत के संगठन मंत्री चितरंजन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता निर्माण और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा आगामी कार्यक्रमों के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार ने कार्यकर्ताओं को संगठन की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
4 अक्टूबर को रांची में कार्यक्रम
बैठक में बताया गया कि अशोक सिंघल की जयंती के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 4 अक्टूबर को रांची में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें चतरा जिले से करीब 200 कार्यकर्ताओं एवं कारसेवकों के पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रखंड स्तर पर समन्वय कर सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही गई।
संगठन में अधिक से अधिक युवाओं एवं लोगों को जोड़ने के लिए विस्तारक तैयार करने की योजना पर भी चर्चा हुई। आगामी दुर्गा अष्टमी के अवसर पर जिले के सभी प्रखंडों में कार्यक्रम आयोजित करने तथा स्थानीय स्तर पर इसकी तैयारी करने की बात कही गई।
रक्तदान शिविर और हित चिंतक अभियान पर चर्चा
बैठक में हुतात्मा दिवस के अवसर पर बजरंग दल की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना बनाई गई। सेवा कार्यों को बढ़ावा देने और सामाजिक गतिविधियों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। वहीं, बजरंग दल के हित चिंतक अभियान को लेकर विशेष चर्चा हुई। अभियान के तहत पूरे चतरा जिले में करीब एक लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाने की योजना बनाई गई।
बैठक में आगामी समय में त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम आयोजित करने तथा इसमें करीब 500 बजरंगियों की सहभागिता का लक्ष्य रखने की बात कही गई। इसके साथ ही पद संचलन आयोजित करने की योजना पर भी चर्चा हुई।
प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक गतिविधियां मजबूत करने पर जोर
बैठक में आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने पर जोर दिया गया। मौके पर जिला उपाध्यक्ष तारकेश्वर गुप्ता, जिला मंत्री सुधीर कुमार, जिला अर्चक-पुरोहित प्रमुख मनोज पांडेय, बजरंग दल जिला संयोजक अंकित पांडेय, सह संयोजक ठाकुर राकेश रंजन, समरसता प्रमुख गुरुदेव कुमार, विहिप प्रचार-प्रसार प्रमुख विशाल हिंदू, बोल उपासना प्रमुख गोलू बाबू शाह, बजरंग दल जिला सुरक्षा प्रमुख बिट्टू सिंह, टंडवा प्रखंड अध्यक्ष सोनू भुइयां, संयोजक राकेश कुमार, नगर मंत्री श्वेतांक उपाध्याय, निशांत कुमार पांडेय समेत विभिन्न प्रखंडों से आए पदाधिकारी, दायित्वधारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




















Total Users : 1201632
Total views : 3042259