पहली घटना : ट्रक की चपेट में आने से हिरण उरांव की मौत, दूसरी घटना : सड़क पर अचानक गिरा फेरीवाला, मौत
बिजली ऑफिस मंदिर के पास अज्ञात ट्रक की चपेट में आया युवक, बरवाटोली में अचानक गिरने से फेरीवाले की मौत
लोहरदगा, संवाददाता। झारखंड के लोहरदगा शहर में बिजली ऑफिस मंदिर के समीप देर रात सड़क हादसे में अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से हिरण उरांव की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामवृक्षु उरांव के पुत्र, ग्राम हिरहि के हारा टोली निवासी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, हादसे में हिरण उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलने के बाद प्रशासन की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल लोहरदगा पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
दूसरी घटना : सड़क पर अचानक गिरा फेरीवाला, मौत
लोहरदगा, संवाददाता। शहर के बरवाटोली के समीप शनिवार सुबह अचानक सड़क पर गिरने से एक फेरीवाले की मौत हो गई। मृतक की पहचान करीब 27 वर्षीय छोटन राय, पिता लाल मोहम्मद राय, ग्राम झारोवा हरसिडीह, जिला मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई है।
बताया गया कि छोटन राय साइकिल से घूम-घूमकर रुई और गद्दा बनाने का सामान बेचते थे। शनिवार सुबह करीब छह बजे बरवाटोली के पास से गुजरने के दौरान वह अचानक सड़क पर गिर पड़े। कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल लोहरदगा पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर झारखंड राज्य दफादार-चौकीदार पंचायत के जिलाध्यक्ष समशुल अंसारी, समाजसेवी सैय्यूब अंसारी, सांसद प्रतिनिधि सोनू कुरैशी, एसआई रमेश सिंह समेत अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान



















Total Users : 1282558
Total views : 3158415