सड़क किनारे दुकान लगाने को मजबूर दुकानदार, जाम की समस्या से भी जूझ रहे लोग
मयूरहंड (चतरा)। मयूरहंड प्रखंड स्थित करमा बाजार इन दिनों बदहाली का शिकार है। सप्ताह में दो दिन लगने वाले इस बाजार में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में किसान, दुकानदार और विक्रेता पहुंचते हैं। बारिश के मौसम में बाजार परिसर में जलजमाव और कीचड़ के कारण दुकानदारों एवं ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बाजार परिसर की खराब स्थिति के कारण कई दुकानदार मुख्य सड़क के किनारे दुकान लगाने को मजबूर हैं। इससे खरीदारी करने पहुंचे लोगों को भी परेशानी होती है। सड़क पर भीड़ बढ़ने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत होती है।
पक्कीकरण और जलनिकासी की मांग
स्थानीय दुकानदारों एवं ग्रामीणों का कहना है कि करमा बाजार क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण बाजार है। यहां बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर पहुंचते हैं और आसपास के ग्रामीण जरूरी सामान की खरीदारी करते हैं। इसके बावजूद बाजार परिसर में बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
विक्रेताओं एवं ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से बाजार परिसर का पक्कीकरण, उचित जलनिकासी की व्यवस्था तथा दुकानदारों के लिए शेड निर्माण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से बाजार व्यवस्थित होगा और बारिश के दिनों में दुकानदारों व ग्राहकों को राहत मिलेगी।






















Total Users : 1182054
Total views : 3015300