कसियाडीह बूढ़ीगडा में आधा दर्जन से अधिक गरीब परिवार आवास से वंचित, बारिश में छप्पर से टपकता है पानी
हंटरगंज (चतरा)। सरकार गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने का दावा करती है, लेकिन हंटरगंज प्रखंड के जोलडीहा पंचायत अंतर्गत कसियाडीह बूढ़ीगडा गांव में अनुसूचित जाति के कई गरीब परिवार आज भी जर्जर झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार, आधा दर्जन से अधिक मजदूर परिवार पिछले करीब 10 वर्षों से आवास की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें पक्का मकान नहीं मिल सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने के कारण उनके लिए खुद पक्का मकान बनाना संभव नहीं है। ऐसे में वर्षों से जर्जर झोपड़ी में ही परिवार के साथ जीवन गुजारना पड़ रहा है। गर्मी, ठंड और बारिश हर मौसम में परिवारों को परेशानी झेलनी पड़ती है। बारिश के दिनों में जर्जर छप्पर से पानी घर के अंदर टपकता है, जिससे खाना बनाने, खाने और सोने तक में दिक्कत होती है।
शौचालय में रखना पड़ता है अनाज
यमुना भुईयां अपनी पत्नी रीता देवी और तीन बच्चों के साथ जर्जर झोपड़ी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान घर के अंदर पानी टपकने से खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखना मुश्किल हो जाता है। मजबूरी में अनाज और अन्य सामान शौचालय में रखना पड़ता है। गांव में भुनेश्वर भुइयां, रिंकू भारती, प्रयाग भारती, कैलाश भारती, उमेश भारती, वकील भुइयां और कोयली भुइयां समेत अन्य अनुसूचित जाति के परिवार भी आवास की आस लगाए बैठे हैं।
आश्वासन के बावजूद नहीं मिला आवास
ग्रामीणों का आरोप है कि आवास के लिए उन्होंने मुखिया सोनी देवी और पंचायत सचिव भुनेश्वर ठाकुर से कई बार गुहार लगाई। उनके अनुसार, हर बार आश्वासन मिला, लेकिन वर्षों बीतने के बाद भी पक्का मकान नहीं मिल सका। ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है। कुछ ग्रामीणों ने आवास योजना में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए हैं, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार जर्जर झोपड़ियों में रहने के कारण सबसे अधिक परेशानी बच्चों को होती है। बारिश के दौरान घर के अंदर पानी भरने और छप्पर से पानी टपकने के कारण रात में सोना मुश्किल हो जाता है। वहीं कभी भी झोपड़ी गिरने का डर परिवारों को सताता रहता है।
ग्रामीणों ने मीडिया के माध्यम से झारखंड सरकार और जिला प्रशासन से मामले की जांच कर पात्र गरीब परिवारों को जल्द आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। अब देखना है कि वर्षों से पक्के आशियाने की आस लगाए बैठे इन परिवारों तक सरकारी आवास योजना की मदद कब पहुंचती है।




















Total Users : 1282494
Total views : 3158310