हादसे में तीन गंभीर घायल, कार के उड़े परखच्चे; दो घायलों को हजारीबाग किया गया रेफर
चतरा। जिला मुख्यालय के किशुनपुर मोहल्ला स्थित लखन मिस्त्री के घर के समीप बुधवार रात सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार बोलेनो कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार किशुनपुर निवासी 28 वर्षीय बसंत राणा, पिता सरयू राणा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार उपेंद्र राणा, रामदेव राणा और गुड्डू राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, बसंत राणा अपने दोस्तों के साथ बोलेनो कार से बधार की ओर से घर लौट रहा था। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उपेंद्र राणा और रामदेव राणा को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया। वहीं गुड्डू राणा का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी ली। जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त कार को घटनास्थल से हटाया गया।
किशुनपुर में पसरा मातम
हादसे के बाद किशुनपुर मोहल्ले में शोक की लहर है। बसंत राणा की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग जिला प्रशासन से की है। पुलिस ने शव सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।



















Total Users : 1282568
Total views : 3158432