तांत्रिक गतिविधि का सनसनीखेज मामला; पूजा कक्ष से मिला कटा सिर, पांच गिरफ्तार
ओडिशा के बलांगीर जिले के देवगांव थाना क्षेत्र के बगड़ा गांव में एक 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद मृतक का सिर धड़ से अलग कर दिया गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे कथित नरबलि और तांत्रिक गतिविधियों की आशंका जताई है।
मृतक की पहचान तुसुरा थाना क्षेत्र के तेबड़ामुंडा गांव निवासी संतोष खड़सेल के रूप में हुई है। बलांगीर के एसपी जी. अभिलाष के अनुसार, मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू ने 18 अगस्त को संतोष को खाना खाने के बहाने अपने घर बुलाया था। आरोप है कि संतोष के सो जाने के बाद आरोपी और उसके साथियों ने उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद संतोष का सिर धड़ से अलग किया गया और कथित तौर पर खून को देवी-देवताओं को चढ़ाया गया। इसके बाद धड़ को गांव के बाहर एक तालाब में फेंक दिया गया, जबकि सिर को आरोपी ने अपने घर के पूजा कक्ष में जमीन के अंदर छिपा दिया।
तालाब के पास मिला सिर कटा शव
गुरुवार को ग्रामीणों ने तालाब के पास एक बिना सिर का शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान संतोष को आखिरी बार शत्रुघ्न साहू के साथ देखे जाने की जानकारी मिली, जिसके आधार पर पुलिस उसके घर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने शराब को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या करने की बात कही। बाद में पूछताछ में उसने सिर को पूजा कक्ष में छिपाने की जानकारी दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खुदाई कर वहां से संतोष का कटा हुआ सिर बरामद किया।
पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से खून से सना एक धारदार हथियार भी बरामद किया गया है। आरोपी की मां, भाई और भाभी को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की वारदात में और कौन लोग शामिल थे और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था।
पत्नी को वापस बुलाने के लिए नरबलि का दावा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपनी पत्नी को वापस अपने पास बुलाने के लिए नरबलि दी थी। बताया गया है कि आरोपी की पत्नी करीब 10 वर्षों से अपने बेटे और बेटी के साथ उससे अलग रह रही थी। पुलिस को आशंका है कि आरोपी की कथित तांत्रिक गतिविधियों के कारण उसका परिवार उससे अलग रहता था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
























Total Users : 1134206
Total views : 2958056